खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण संबंधी 267 प्रकरण दर्ज

इन्दौर । इंदौर जिले में कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशन में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिले में जारी वित्तीय वर्ष में अभी तक अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण खनिज, गिट्टी, मुरम, रेत कुल 267 प्रकरण दर्ज किये गये। इन प्रकरणों में 20 करोड़ 36 लाख रूपये अधिक का अर्थदण्ड लगाया गया है। इसी तरह खनिज विभाग द्वारा जिले में 10 करोड़ 56 लाख रूपये से अधिक का राजस्व प्राप्त किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एक करोड़ 14 लाख 37 हजार रूपये से अधिक का अर्थदड जमा करवाया जा चुका है। अवैध उत्खनन के 08 प्रकरण संबंधित न्यायालय में निराकरण हेतु प्रचलन में है। रेत के अवैध परिवहन के 11 प्रकरण संबंधित न्यायालय में निराकरण हेतु प्रचलन में है। खनिज विभाग द्वारा वित्तिय वर्ष 2020-21 में अप्रैल से जनवरी तक 10 करोड़ 56 लाख रूपये से अधिक का राजस्व प्राप्त किया गया है। इन्दौर जिले मे अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण खनिज, गिट्टी, मुरम, रेत पर सतत् कार्यवाही की जा रही है। जिले में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण पर सतत् प्रभावी कार्रवाई आगे भी की जायेगी। मध्यप्रदेश शासन भोपाल द्वारा दिये गये निर्देशानुसार जिले में अवैध/ओवरलोड खनिज रेत कि रोकथाम हेतु खनिज विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग द्वारा सतत् निगरानी हेतु 24 घण्टे डबल चौकी नाका पर जाँच की जा रही है।