अलिराजपुर । कृषि विज्ञान केन्द्र अलीराजपुर का कलेक्टर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने निरीक्षण करते हुए वहां संचालित होने वाली विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। यहां उन्होंने कडकनाथ मुर्गीपालन हैचरी, डेयरी, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, अजोला पीट, मशरूम उत्पादन इकाई सहित कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में फूलों की खेती आदि का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने उक्त गतिविधियों का जिलेभर में अधिक से अधिक कृषकों तक प्रसार हो तथा अधिक से अधिक लोग उक्त गतिविधियों से जुडकर आर्थिक गतिविधियां स्थापित करके आत्मनिर्भर बने इसके लिए विशेष प्रयास संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती गुप्ता ने कृषि विज्ञान केन्द्र अलीराजपुर द्वारा कम समय में ही बहुत सी गतिविधियों, बीज उत्पादन कार्य सहित मॉडल गतिविधियां स्थापित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरके यादव ने केवीके फार्म का अवलोकन कराते हुए उक्त परिसर में आयोजित की जा रही गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर केवीके स्टॉफ सदस्य आदि उपस्थित थे।