प्रधानमंत्री फसल बीमा की 318 करोड रुपए की दावा राशि मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा जिले के किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई

रतलाम जिले के लगभग ढाई लाख किसान लाभान्वित

रतलाम । मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा शनिवार को प्रदेश के बेतूल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम द्वारा किसानों के खातों में खरीफ 2020 तथा रबी 2020-21 की प्रधानमंत्री फसल बीमा की दावा राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर रतलाम जिले के किसान बड़ी संख्या में लाभान्वित हुए। रतलाम जिले के लगभग ढाई लाख किसानों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री द्वारा 318 करोड़ 20 लॉख रुपए दावा राशि सिंगल क्लिक द्वारा अंतरित की गई।
महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के उद्बोधन को देखा-सुना गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय थे। अध्यक्षता रतलाम ग्रामीण विधायक श्री दिलीप मकवाना ने की। इस अवसर पर श्री राजेंद्रसिंह लुनेरा, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, श्री ईश्वरलाल पाटीदार, श्री ललित पालीवाल, श्री बद्रीलाल चौधरी, श्री रामसिंह सिसोदिया, श्री कन्हैयालाल पाटीदार, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, एसडीएम श्री राजेश शुक्ला, उपसंचालक कृषि श्री विजय चौरसिया, सहायक संचालक श्री गोयल आदि उपस्थित थे।
जावरा विधायक डॉ. पांडेय ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि किसानों के हित में केंद्र तथा राज्य शासन द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय निरंतर लिए जाते रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों की प्रत्येक कठिनाई को समझकर उस अनुसार नीतियां बनाई हैं। सस्ती बिजली, कृषि उपकरणों और विभिन्न सामग्री पर अनुदान दिए जा रहे है। फसल बीमा की वृहद राशि स्वीकृत कर बड़ी सौगात दी है। विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि दावा राशि मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। किसान खेती में इसका उपयोग करके आर्थिक प्रगति के नए आयामों को स्पर्श करेगा।
विधायक श्री दिलीप मकवाना ने कहा कि किसान हित में शासन दृढ़ संकल्पित होकर कार्य कर रहा है। किसान उन्नत खेती करें, खेती में कोई जोखिम होता है तो उसकी भरपाई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से की जाती है। श्री राजेंद्रसिंह लुनेरा ने कहा कि किसान की उन्नति सिंचाई के रकबे में वृद्धि और वैज्ञानिक ढंग से खेती की दिशा में शासन द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। किसान हित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। कई योजनाओं का संचालन किसानों के लिए किया जाकर उनको आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में जिले के एक हजार से ज्यादा किसान सम्मिलित हुए। अतिथियों द्वारा सांकेतिक रूप से 10 किसानों को फसल बीमा राशि के चेक प्रदान किए गए। इनमें ग्राम ताल के श्री देवीसिंह माधव सिंह को 8 लॉख 40 हजार 777 रुपए, ग्राम मुंडलाखुर्द के श्री पूरसिंह राजपूत को 61 हजार रूपए, ग्राम सुखेड़ा के श्री नानालाल पाटीदार को 6 लाख 17 हजार रुपए, ग्राम धामेडी के श्री बद्रीलाल पाटीदार को 5 लाख 37 हजार रुपए, ग्राम रामपुरिया के श्री विजय कुमार को 6 लाख 88 हजार रूपए, ग्राम सिनोद के श्री सुनील कुमार भट्ट को 5 लाख 76 हजार रुपए, ग्राम डोडियाना के श्री राघव सिंह को 3 लाख 88 हजार रूपए, ग्राम लुनेरा के श्री राजेंद्रसिंह पिता शंकर सिंह जोधा को 5 लाख 20 हजार रूपए, ग्राम पाताखेड़ी के श्री राजेंद्रसिंह राठौड़ को 3 लाख 61 हजार रूपए तथा ग्राम नाहरपुरा के श्री खेतु भूरिया को 3 लाख 70 हजार रूपए धनराशि के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री दिनेश बारोट द्वारा किया गया।