रतलाम 02 जून 2023। रतलाम जिले में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण में 2 लाख 4 हजार 44 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से 2 लाख 3 हजार 785 आवेदन स्वीकृत कर 99.90 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई।
रतलाम जिले में विगत 10 मई से अभियान प्रारंभ किया जाकर 31 मई तक चलाया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की मंशा अनुसार जिले में अभियान सुशासन के मंत्र के रूप में संचालित किया गया। प्रशासनिक अमले के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रियता से जनसमस्याओं के निराकरण में हिस्सा लिया। अभियान के पश्चात भी कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा शासकीय अमले को निर्देशित किया गया है कि मुख्यमंत्री की भावनानुसार सुशासन के मूल में बिना किसी परेशानी के आम जनता का कार्य करें, चाहे जाति प्रमाण पत्र देने का कार्य हो या सीमांकन का या भवन अनुज्ञा सभी कार्य समय सीमा में किए जाएं।
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण में रतलाम जिले में राजस्व विभाग द्वारा 39 हजार 888 चालू खसरा खतौनी की प्रतिलिपियों का प्रदाय किया गया। 12 हजार 255 चालू नक्शा की प्रतिलिपियों का प्रदाय किया गया। 1 हजार 607 अविवादित नामांतरण, 240 अविवादित बंटवारे तथा 858 सीमांकन किए गए। सामान्य प्रशासन विभाग के तहत जिले में 2 हजार 43 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। 671 अन्य पिछड़ा वर्ग जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। 36 विमुक्त, घुमक्कड़, अर्द्ध घुमक्कड़ जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा रतलाम जिले में 747 भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र अभियान के द्वितीय चरण में जारी किए गए। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भवन निर्माण हेतु 26 हजार 953 अनुज्ञा पत्र जारी किए गए। जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए परेशान हो रहे लोगों के लिए भी अभियान कारगर सिद्ध हुआ। इसमें 4 हजार 406 जन्म प्रमाण पत्र तथा 1 हजार 952 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए, विवाह पंजीयन भी 7 हजार 322 किए गए।
अभियान में दिव्यांग प्रमाण पत्र, आयु का चिकित्सकीय सत्यापन, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के प्रकरण, प्रसूति सहायता, विवाह सहायता, मृत्यु की दशा में अनुग्रह सहायता आदि अनेक योजनाओं में आवेदनों को स्वीकृत किया जाकर मुख्यमंत्री की मंशानुसार सुशासन की मिसाल जिले में कायम की गई है।