कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने की छावनी अनाज व्यापारी एसोसिएशन के साथ बैठक
इन्दौर | कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशन में कोरोना रोकथाम हेतु जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जनप्रतिनिधियों, सामाजिक सगठनों एवं व्यापारी संघ के सहयोग से ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों का वैक्सीनेशन कराने के लिये नवाचार किये जा रहे है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री सिंह ने आज इंदौर अनाज एवं कल्याण व्यापारी संघ के सदस्यों के साथ बैठक ली, जिसमें सदस्यों द्वारा सर्व सहमति से यह निर्णय लिया गया कि छावनी अनाज मण्डी में बिना वैक्सीनेशन के किसी भी कर्मचारी, व्यापारी एवं किसान को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। सदस्यों द्वारा निर्णय लिया गया कि बिना वैक्सीनेशन के किसी भी व्यक्ति को मंडी में प्रवेश नही दिया जाएगा। मंडी के बाहर वैक्सीनेशन केंद्र लगाएं जायेंगे। यदि कोई व्यक्ति जिसका वैक्सीनेशन नही हुआ है और मंडी में आते है, तो उनको पहले केंद्र पर कोरोना का टीका लगाया जाएगा। तत्पश्चात उन्हे मंडी में प्रवेश प्राप्त होगा। मंडी में बुधवार से वैक्सीनेशन केंद्र शुरू किया जाएगा जिसमें 18 से 44 वर्ष और 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई जा सकेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने व्यापारी संघ द्वारा लिए गए इस निर्णय की प्रशंसा की गई और सभी सदस्यों से कोरोना अनुकूल व्यवहार का पालन करने एवं मंडियों में आने वाले व्यक्तियों को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशन में नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा छावनी मंडी का सघन सेनिटाइजेशन किया गया।