उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने भैरवगढ़ जेल का निरीक्षण किया

उज्जैन | उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने रविवार 4 जुलाई को केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने जेल में किये जा रहे अच्छे प्रबंधन के लिये अधिकारी-कर्मचारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक श्रीमती अलका सोनकर एवं जेल के अधिकारी आदि उपस्थित थे। निरीक्षण के बाद उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने जेल के बाहर परिसर में पौधारोपण किया। मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि समाज की मुख्य धारा में आयें, ऐसा बन्दियों को प्रयास किया जाना चाहिये।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने जेल अधिकारियों के साथ पाकशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की मात्रा और गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। रोटियों की गुणवत्ता भी देखी। इसके बाद भैरवगढ़ प्रिंट उद्योग, मूर्ति कारखाना, दरी उद्योग आदि का भी जायजा लिया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने मूर्ति बनाने वाले बन्दी की प्रशंसा की और मूर्ति पसन्द आने पर उन्होंने शुल्क अदा कर मूर्ति क्रय की। उन्होंने कहा कि मूर्तिकार की अदभुत कारीगरी है। निरीक्षण के पूर्व दो बन्दियों के द्वारा जेल परिसर में बनाई गई बुद्ध की प्रतिमा पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने माल्यार्पण किया। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने निरीक्षण के दौरान जेल प्रबंधन आदि के बारे में जेल अधीक्षक श्रीमती अलका सोनकर से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोरोना महामारी के बाद शासन की गाईड लाइन का पालन किया जा रहा है या नहीं, आदि व्यवस्थाओं का जायजा लेकर निरीक्षण किया। जेल अधीक्षक ने जेल की बाहरी दीवारों की मरम्मत एवं पुताई कराने और खुली जेल निर्माण हेतु विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने एवं जेल में महिला वार्ड में डबल बैरक निर्माण का प्राक्कलन प्रदाय करने के सम्बन्ध में जानकारी दी और उक्त समस्याओं का निराकरण करने हेतु अनुरोध किया। उच्च शिक्षा मंत्री ने उक्त समस्याओं के निराकरण करने का आश्वासन दिया।