रतलाम । नगर निगम द्वारा 1 दिसम्बर से भवन निर्माण अनुज्ञा शुल्क में की गई वृद्धि को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप ने निगम प्रशासक एवं कलेक्टर गोपालचन्द्र डाड से चर्चा की। उन्होंने अनुज्ञा शुल्क वृद्धि को विसंगतिपूर्ण बताते हुए उसका युक्तियुक्त करण करने पर जोर दिया। श्री काश्यप ने बताया कि नगर निगम द्वारा अनुज्ञा शुल्क बढ़ाने से आमजन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। निगम द्वारा पूर्व से ही भवन निर्माण अनुज्ञा पर स्थाई शुल्क निर्धारित है। 1 दिसम्बर से निगम ने प्रतिशत में नई शुल्क वृद्धि की है जिसे लेकर आमजन में असंतोष है। श्री काश्यप ने कहा कि शुल्क वृद्धि को जनसुविधा की दृष्टि से युक्तियुक्त कर लागू किया जाए। ताकि आमजन पर अनावश्यक भार ना पड़े। कलेक्टर श्री डाड ने इस पर पुर्नविचार कर जल्द ही निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।